सकट से सांवलियाजी धाम के लिए दसवीं निशान ध्वज पदयात्रा रवाना
सकट कस्बे के श्रीबांके बिहारी मंदिर से सोमवार को सांवरिया भक्त मंडल सकट के तत्वाधान में सांवलिया धाम करनावर के लिए दसवीं निशान ध्वज पद यात्रा रवाना हुई। पदयात्रा की अगुवाई कर रहे मदनलाल सैनी व किशन लाल पांचाल ने बताया कि पदयात्रा रवाना से पूर्व मंदिर में महंत देवादास महाराज व पं. बद्री प्रसाद लाटा ने वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ पूजा अर्चना करवाई। इसके बाद कस्बे से निशान पदयात्रा को पूर्व मण्डल अध्यक्ष कमल सेठी, हरिओम लाटा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निशान पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
ध्वज पदयात्रा में डीजे पर बजते भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। पदयात्री अपने हाथों में ध्वज पताका लेकर श्याम बाबा के जयकारे लगाते हुए रवाना हुए। मार्ग में कई जगहों पर पुष्पवर्षा के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया गया। ध्वज पदयात्रा दोपहर 3 बजे सांवलिया धाम करनावर पहुंची जहां पद यात्रियों के द्वारा श्याम बाबा मंदिर पर सामुहिक ध्वज चढ़ाकर पूजा अर्चना की। इस मौके पर कैलाश चंद सैनी रामकिशोर सैनी, किशोरी लाल सैनी, हरजी राम सैनी गिर्राज प्रसाद सैनी, सुरेंद्र सैनी, प्रकाश चंद सैनी, रामफूल सैनी, बाबूलाल सैनी, महेंद्र सैनी, राजेंद्र सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

