लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका पर भाजपा का परचम: मीना गुप्ता 13 वोटों से बनीं अध्यक्ष, कांग्रेस की पायल को हराया
लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका चुनाव 2026: भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और जुलूस निकालकर मनाया जीत का जश्न
लक्ष्मणगढ़, अलवर (कमलेश जैन): लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मीना गुप्ता ने एकतरफा जीत दर्ज की है। 25 वार्ड पार्षदों वाले इस चुनाव में मीना गुप्ता को 19 मत हासिल हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पायल भारद्वाज चौधरी मात्र 6 वोटों पर सिमट गईं। इस तरह मीना गुप्ता ने 13 मतों के बड़े अंतर से अध्यक्ष पद की कुर्सी अपने नाम की।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद का पद 'सामान्य (महिला)' श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया था।
वार्ड 8 से पार्षद बनकर दर्ज की ऐतिहासिक जीत
वार्ड नंबर 8 से पार्षद चुनी गईं मीना गुप्ता ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। मतदान के बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपखंड अधिकारी मनीषा रेशम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मीना गुप्ता को जीत का आधिकारिक प्रमाण पत्र सौंपा।
जुलूस निकाला, बांटी मिठाइयां
मीना गुप्ता के अध्यक्ष चुने जाने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत के उपरांत विभिन्न वार्डों में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर इस जीत का उत्सव मनाया।
उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को होगा चुनाव
अध्यक्ष पद के फैसले के बाद अब सभी की निगाहें उपाध्यक्ष पद पर टिक गई हैं। उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
-
नामांकन: सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक पर्चे भरे जाएंगे।
-
जांच व नाम वापसी: 11:30 बजे आवेदनों की जांच होगी और दोपहर 2:00 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।
-
मतदान व परिणाम: एक से अधिक प्रत्याशी होने की स्थिति में दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर 22 सितंबर को ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

