तखतगढ़ नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: मैदान में उतरे तीन प्रत्याशी, शाम तक तय होगा नया उपसभापति
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान)। नगर पालिका में उपाध्यक्ष (उपसभापति) पद के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही मुकाबला त्रिकोणीय रूप ले चुका है। पालिका में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्पष्ट बोर्ड होने के कारण यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से रमेश कुमार उर्फ पारस घांची ने पार्टी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से रामचंद्र जीनगर ने ताल ठोंकते हुए नामांकन पेश किया। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा भरत कुमार सोनी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पालिका परिसर में पार्षदों के मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और आज शाम 5 बजे तक नतीजों की घोषणा के साथ ही नए उपाध्यक्ष के नाम पर मुहर लग जाएगी। दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

