लिलकी फार्म के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने CHC में दिया धरना
तखतगढ़ (पाली/बरकत खान)। तखतगढ़–कोसेलाव मार्ग पर लिलकी फार्म (राजपुरा) के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और समाज के लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में धरना प्रदर्शन किया और शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तखतगढ़ के बडलो का वास (सादों की गली, मीनों का वास) निवासी दिलीप कुमार पुत्र मांगीलाल मीणा गत 19 सितंबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अपनी मोटरसाइकिल (आरजे 57 एसबी 5136) से तखतगढ़ से कोसेलाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिलकी फार्म के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल दिलीप को तत्काल तखतगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए भगवान महावीर अस्पताल, सुमेरपुर रेफर कर दिया गया। वहां करीब 24 घंटे तक चले सघन उपचार के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
- सीएचसी परिसर में धरना, पोस्टमार्टम से किया इनकार
युवक की मौत की सूचना पर पार्षद अन्नराज मेवाड़ा और प्रतिनिधि अर्जुन हीरागर सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगरवासी तखतगढ़ सीएचसी पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में धरना शुरू कर दिया और फरार चालक की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को संदिग्ध वाहन से जुड़े अहम इनपुट व नंबर भी सौंपे।
- मुआवजे और कार्रवाई के आश्वासन पर माने परिजन
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप तहसीलदार व थानाधिकारी शैतान सिंह चारण मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। अधिकारियों द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता (मुआवजा) दिलाने का मौखिक आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव के पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

