दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सांसद चंद्रशेखर आजाद का भव्य स्वागत; संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का किया आह्वान
रामगढ़ (अलवर) भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का सोमवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से गुजरने के दौरान रामगढ़ क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सांसद आजाद दौसा जिले के निहालपुरा में आयोजित लोकदेवता बाबा रामदेवजी के मेले में शामिल होने जा रहे थे।
उनके आने की सूचना मिलते ही बरवाड़ा बास-गोविंदगढ़-रामगढ़ रोड पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्र हो गए। जैसे ही सांसद का काफिला क्षेत्र में पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि संगठन की शक्ति एकजुटता में है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन की विचारधारा और गतिविधियों को गांव-गांव तथा ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं और आमजन के हकों की लड़ाई के लिए हमेशा जमीन पर सक्रिय रहें। संक्षिप्त संवाद के बाद उनका काफिला निहालपुरा के लिए रवाना हो गया।
इस दौरान भीम आर्मी के राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष रामनिवास बरवाड़ा, एडवोकेट नवल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष पवन कुमार, वीरेंद्र मोर, सुबह सिंह बौद्ध, रवि वर्मा सहित क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

