उदयपुरवाटी में जलझूलनी एकादशी पर धूमधाम से निकली ठाकुरजी की पालकी यात्रा, जयकारों से गूंजा कस्बा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न देवालयों से ठाकुर जी महाराज की भव्य पालकी यात्रा (डोल यात्रा) निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कस्बे के प्रमुख मंदिरों—माल्यावाला मंदिर, गोपीनाथ जी मंदिर, बिहारी जी मंदिर, सांवरिया सेठ मंदिर तथा जानकी वल्लभ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों से ठाकुर जी को सुसज्जित पालकियों में विराजमान कर नगर भ्रमण पर ले जाया गया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के भक्तिमय जयकारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान करते रहे।
ठाकुर जी महाराज के नगर भ्रमण के दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं में दर्शनों की होड़ लगी रही। विशेषकर महिलाओं ने पालकी के सम्मुख शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगीं। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पालकी पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया तथा धर्मप्रेमियों को प्रसादी का वितरण किया गया।
बिहारी जी के मंदिर से निकली यात्रा के दौरान मुख्य पुजारी राजेश शर्मा, अशोक शाह, दशरथ सिंह राव, दिनेश मीणा, अंकित सिंह राव, शौर्य सिंह राव, हमराज सिंह राव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

