एक समय, एक स्वर: लक्ष्मणगढ़ के आदर्श विद्या मंदिर में गूंजा 'वंदे मातरम', 150वें वर्ष पर रचा गया देश भक्ति का माहौल
आदर्श विद्या मंदिर लक्ष्मणगढ़ में गूंजा 'वंदे मातरम': 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में 'एक समय, एक स्वर' में हुआ सामूहिक गायन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
कस्बे के केशव चौक स्थित आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में शुक्रवार को देशभक्ति और उल्लास के साथ 'वंदे मातरम' सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान 'नमामि भारतम' के तहत आयोजित किया गया था।
ठीक 11:00 बजे एक स्वर में गुंजायमान हुआ प्रांगण
विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 'वंदे मातरम' रचना के 150वें वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर "एक समय, एक स्वर, वंदे मातरम" संकल्प के तहत ठीक प्रातः 11:00 बजे पूरे विद्यालय परिवार ने एक साथ, एक लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान संपूर्ण विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।
सेवानिवृत्त शिक्षक व प्रबुद्धजनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस सामूहिक गायन कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त अध्यापक राजेंद्र कुमार शर्मा एवं कार्यक्रम प्रभारी हेमंत कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को 'वंदे मातरम' के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रीय चेतना में इसके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त आचार्य वृन्द, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

