'मकान बंद देख साफ कर दिए थे 5 लाख व जेवरात': फालना पुलिस ने नकबजनी का किया पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार
फालना (पाली) बरकत खा : बेडल रोड स्थित एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की नकबजनी (चोरी) की वारदात का फालना पुलिस थाना टीम ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पैसों में से करीब 2.00 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाली जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (IPS) के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली किशोर सिंह एवं वृताधिकारी रत्ना राम देवासी के सुपरविजन में फालना थानाधिकारी पन्ना राम (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर शिवाजी नगर (फालना) निवासी गोविंद (19) पुत्र सकाराम तथा मोहनलाल उर्फ मानाराम (20) पुत्र रामाराम को दस्तयाब कर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली।
पूना रहने गए परिवार के सूने घर को बनाया था निशाना प्राथमिकी दर्ज कराने वाले पीड़ित अशोक शर्मा ने पुलिस को बताया था कि वह व्यापार के सिलसिले में पूना (महाराष्ट्र) रहते हैं। जुलाई 2026 में घर की अलमारी में करीब 5 लाख रुपये नकदी व जेवरात रखकर परिवार सहित पूना गए थे। 19 सितंबर को पड़ोसी ने घर खुला होने की सूचना दी, जिसके बाद फालना पहुंचकर जांच की तो चोरी का पता चला।
एक आरोपी जेल भेजा, दूसरा पुलिस रिमांड पर थानाधिकारी पन्ना राम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोविंद को अनुसंधान के बाद न्यायिक हिरासत (जेल) भिजवा दिया गया है, जबकि मोहनलाल को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका: इस कार्रवाई में थानाधिकारी पन्ना राम, सउनि दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह, कांस्टेबल लाला राम (विशेष भूमिका), दिनेश कुमार, ओम प्रकाश, रविकांत, मूलाराम, नितेश, मांगीलाल और अशोक कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
पाली पुलिस की अपील: आमजन किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस के WhatsApp नंबर 9251255006 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

