दर्दनाक हादसा: खेत में काम कर रहे माता-पिता के लिए पानी ले जा रहे दो मासूमों की करंट से मौत,गांव में नहीं जले चूल्हे
मासूमों की आसामयिक मौत से करणपुरा गांव में नहीं जले चूल्हे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
रैणी उपखंड क्षेत्र के करणपुरा गांव में शनिवार सुबह एक दिल नहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत में कृषि कार्य कर रहे परिजनों के लिए पानी लेकर जा रहे दो मासूम सगे भाई-बहन सिंगल फेज लाइन के अर्थिंग तार की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन दोनों को रैणी राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।
पानी देने जा रहे थे खेत, रास्ते में बिछा था काल
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 7 वर्षीय हर्षिता और उसका 4 वर्षीय छोटा भाई गौरव घर पर मौजूद थे। पास ही स्थित खेत में परिवार के सदस्य कृषि कार्य में जुटे हुए थे। परिजनों ने जब बच्चों से पीने का पानी लाने को कहा, तो दोनों मासूम खुशी-खुशी पानी लेकर खेत की ओर निकल पड़े। रास्ते में सिंगल फेज ट्रांसफार्मर (डीपो) की लाइन से लटक रहे अर्थिंग के तार में अचानक करंट आ गया। मासूम बच्चे अनजाने में इस तार के संपर्क में आ गए और भीषण करंट की चपेट में आ गए।
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन बच्चों को लेकर रैणी चिकित्सालय पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मामले को लेकर मृतक बच्चों के दादा गिर्राज प्रसाद मीना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मासूमों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामला दर्ज कर आगे की कानूनी व तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

