उदयपुरवाटी: मनसा कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस; छात्राओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का दिया संदेश
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) / सुमेर सिंह राव।
कस्बे में जमात के पास स्थित श्री मनसा कन्या पी.जी. महाविद्यालय में 'राष्ट्रीय सेवा योजना' (NSS) का स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
'नॉट मी बट यू' के ध्येय वाक्य से किया प्रेरित
समारोह के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, इसके मूल उद्देश्यों और समाज सेवा में युवाओं की अहम भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्राओं को एनएसएस के आदर्श वाक्य “नॉट मी बट यू” (मैं नहीं, आप) की भावना को अपने आचरण में उतारते हुए समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण पर बल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की निदेशिका डॉ. ज्योत्सना सिखवाल ने कहा कि समाज सेवा केवल दूसरों की मदद करना ही नहीं है, बल्कि यह स्वयं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को सामाजिक बदलाव में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रवक्ता विकास सैनी, राकेश सैनी, बुधराम गुर्जर, ललिता सैनी, मोनिका सैनी एवं प्रियंका सैनी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस प्रभारी पवन कुमार वर्मा एवं सुमन सैनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और छात्राओं को आगामी सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

