सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भरतपुर पुलिस ने निकाली 5 किमी मैराथन; साइबर सुरक्षा और नशा-मुक्ति की दिलाई शपथ
भरतपुर (राजस्थान) सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस भरतपुर द्वारा रविवार को 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) राजेश कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों में फिटनेस व अनुशासन बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को नशा-मुक्त जीवनशैली और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
मैराथन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय (RPS) धर्मेंद्र कुमार यादव ने यातायात सर्किल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ यातायात सर्किल से शुरू होकर सारस चौराहा, यूआईटी सर्किल, सर्किट हाउस सर्किल, मल्टीपरपज चौराहा, मानसिंह सर्कल और बिजली घर सर्किल से होती हुई पुनः यातायात सर्किल पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में सीओ ट्रैफिक (RPS) योगेश सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
- साइबर अपराधों से बचाव की दिलाई शपथ
दौड़ के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव ने उपस्थित जवानों एवं प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं सतर्क रहने और समाज को साइबर ठगी से जागरूक करने का संकल्प लिया।
पुलिस विभाग ने मैराथन के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ शरीर और अनुशासित दिनचर्या से ही एक मजबूत समाज का निर्माण संभव है।

