श्रीअखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान के चुनाव 26 दिसंबर को मतदाता सूची प्रकाशित

भीलवाड़ा (भीलवाड़ा, राजस्थान/ बृजेश शर्मा) श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष, जोधपुर शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष तथा नागौर जिलाध्यक्ष के चुनाव 26 दिसम्बर 2021 को आयोजित होने है, जिसके सम्बंध में चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गोविंद सिंह गहलोत के नेतृत्व में हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह देवली छात्रावास में चुनाव कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गोविंद सिंह गहलोत, प्रदेश चुनाव अधिकारी रणवीर सिंह बिरलोका, एड़वोकेट पीरू सिंह गौड़ ने मतदाता सूची का प्रकाशन किया। मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान प्रदेश निर्वाचन समिति सदस्य श्याम सिंह राठौड़, वेल सिंह चौहान, मदन सिंह राठौड़ ने वी.सी. के माध्यम से भाग लिया। प्रदेश निर्वाचन अधिकारी पीरू सिंह गौड़ ने बताया श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान प्रदेशाध्यक्ष चुनाव हेतु फॉर्म (नाम निर्देशन पत्र) 6 दिसम्बर 2021 से 9 दिसम्बर 2021 तक सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक जयपुर छात्रावास पर उपलब्ध होंगे। प्रदेशाध्यक्ष के लिये फॉर्म 10 दिसम्बर को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक जमा करवा सकेंगे। नाम वापसी का समय 11 दिसम्बर को दोपहर 3:00 बजे तक रहेगा। इसके पश्चात 11 दिसम्बर को ही शाम 5:00 बजे योग्य उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित कर चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाएंगे।जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष व जोधपुर ग्रामीण अध्यक्ष तथा नागौर जिलाध्यक्ष हेतु फॉर्म (नाम निर्देशन पत्र) 10 दिसम्बर को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जिला मुख्यालय पर वितरित किये जायेंगे। फॉर्म जमा करवाने का समय उसी दिन दोपहर 3:00 बजे तक रहेगा। जिलाध्यक्ष पद हेतु नाम वापसी का समय 11 दिसम्बर दोपहर 3:00 बजे तक रहेगा। उसके पश्चात उसी दिन 5:00 बजे योग्य उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन कर उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाएंगे।प्रदेशाध्यक्ष, जोधपुर शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष तथा नागौर जिलाध्यक्ष के लिये मतदान 26 दिसम्बर 2021 को सुबह 10:00 बजे से 5:00 बजे तक होगा। मतगणना 28 दिसम्बर 2021 को सुबह 8:00 बजे प्रदेश कार्यालय, जयपुर में होगी। इस बैठक में निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष रणजीत सिंह सोडाला, दुर्गा सिंह चौहान जोधपुर, निवर्तमान महिला प्रदेशाध्यक्ष नीलू कँवर भाटी, ओम सिंह अकोडिया, अमर सिंह हाथोज आदि उपस्थित थे।






