दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर तोड़फोड़, हथियारों के साथ 5 युवक आए नजर: टोलकर्मियों से मारपीट कर भागे

पिनान (अलवर) दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पर पिनान के पास टोल प्लाजा पर बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। हथियारों के साथ आए 5 बदमाशों ने टोलकर्मियों को जमकर मारा। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश तोड़फोड़ करते नजर आए है। घटना बुधवार रात 12 बजे राजगढ़ थाना क्षेत्र की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक- पांच युवक अंडरपास में वाहन छोड़कर पैदल टोल प्लाजा पर आए और अचानक हमला बोल दिया। सूचना पर पुलिस और अन्य टोलकर्मी पहुंचे। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। बदमाशों के हाथ में पिस्तौल देखकर मौके पर दहशत फैल गई थी। इस कारण बाकी वाहन चालक सीधे निकल गए।
घटना के बाद ईगल इंप्रा इंडिया लिमिटेड के जीएम रोहित शिंदे टोल प्लाजा पहुंचे। वे मीडिया के सवालों से बचते रहे और एनएचएआई को जिम्मेदार बताकर पल्ला झाड़ लिया।
वीडियो में तोड़फोड़ करते आए नजर
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पिनान कट स्थित टोल प्लाजा पर बदमाशों ने टोलकर्मियों पर हमला किया। पिस्तौल और लाठी-डंडों के साथ आए बदमाशों ने दो टोल केबिनों में तोड़फोड़ कर दी। दो टोलकर्मियों को चोट आई और दो जान बचाकर भागे। हमले के दौरान वाहन भी सीधे निकल गए। मारपीट और तोड़फोड़ करते बदमाश सीसीटीवी में दिखे है।






