आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में ग्रामीणों के समर्थन में अजबगढ कस्बे का बाजार दिनभर पूर्णतया बंद रहा
थानागाजी/अजबगढ़ (रितीक शर्मा) कस्बे के समीपवर्ती ग्राम पंचायत अजबगढ़ के अधीनस्थ गाँव गुवाड़ा राड़ी, गुवाड़ा बिरकड़ी में 5 दिन पहले 5 घरों में हुई चोरी के मामले में 5 दिनों के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों के समर्थन में अजबगढ कस्बे का बाजार दिनभर पूर्णतया बंद रहा वहीं 5 दिन बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में चलते ग्रामीणों ने अजबगढ़ पुलिस चौकी के बाहर गाँव-गुवाड़ा एवं अजबगढ़ कस्बे के सैकड़ों लोगों ने शांतिपूर्वक धरना देना शुरू किया। धरना स्थल पर दोपहर में स्थानीय थानागाजी विधायक कान्ति प्रसाद मीना, उप जिला प्रमुख ललिता देवी भी पहुंची व ग्रामीणों के साथ चल रहे धरने में बैठे रहे। जिसके बाद धरना स्थल पर पुलिस उप अधीक्षक महावीर सिंह, प्रतापगढ़ थाना अधिकारी राजेश कुमार मीना भी पहुंचे। पुलिस उप अधीक्षक महावीर सिंह ने विधायक एवं ग्रामीणों से समझाइश की ओर बताया कि ऐसे मामलों में जांच करने एवं खुलासा करने में समय लगता है। हम जल्द से जल्द मामले में खुलासा करने का भरकस प्रयास कर रहे है। उन्होंने ग्रामीणों को 5 सदस्य प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने का प्रस्ताव दिया जिसके बाद ग्रामीणों ने आम सहमति से 5 लोगों के प्रतिनिधि मंडल का चयन करते हुए वार्ता के लिए अजबगढ़ पुलिस चौकी के अंदर भेजा जहां पुलिस उप अधीक्षक महावीर सिंह ने चोरी के मामले में अब तक पुलिस के द्वारा की गई जांच एवं अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं से अवगत करवाया व मामले के खुलासा करने में ओर समय की जरुरत बताई।
प्रतिनिधि मंडल ने धरना स्थल पर पहुँचकर ग्रामीणों को पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई से अवगत करवाया मगर आक्रोशित लोग देर शाम तक धरने पर बैठे रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस उप अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने के लिए 5 दिन का समय माँगा था मगर अभी तक पुलिस खाली हाथ रही है इसके चलते हमारा शांतिपूर्वक धरना जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि चोर गाँव गुवाड़ा राड़ी एवं गुवाड़ा बिरकडी में 5 घरों से 6 दिन पहले करीब 2.65 लाख रूपये नगद एवं करीब 42 लाख रूपये की नगदी चुराकर ले गए थे। जिसके बाद आक्रोशित सैकड़ो ग्रामीणों ने अजबगढ़ पुलिस चौकी के बाहर पहुंचकर धरना दिया था।
धरना 2 घंटे चला था जिसमें थानागाजी विधायक कान्ति प्रसाद मीना भी शामिल हुए थे। इस संदर्भ में जांच अधिकारी प्रतापगढ़ थाना अधिकारी राजेश कुमार मीना ने बताया कि 3 टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आई संदिग्ध कैंपर गाड़ी एवं वारदात के समय के आधार पर जांच करते हुए आगे की ओर बढ़ रहे है।चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास लगातार जारी है। इस संदर्भ में थानागाजी विधायक कान्ति प्रसाद मीना ने बताया कि ग्रामीण के साथ अजबगढ़ पुलिस चौकी के बाहर धरने पर बैठा हूं। इस संदर्भ में अलवर एसपी को भी अवगत करवाया है। ग्रामीणों से चर्चा के बाद जल्द से जल्द उच्चाधिकारियों से मिला जाएगा ओर समय लेकर गृह मंत्री से भी मिला जाएगा।
पुलिस उप अधीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि 5 दिनों से 3 टीमें मामले की जांच में लगी हुई है। ऐसे मामलों में जांच करने एवं खुलासा करने में समय लगता है। हम वारदात का खुलासा करने का भरकस प्रयास कर रहे है। जांच जारी है उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
देर शाम को ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को 10 दिन में मामले का खुलासा करने का समय दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने 10 दिनों में मामले का खुलासा नहीं किया तो अलवर एसपी ऑफिस या आईजी ऑफिस के बाहर गाँवो से सैकड़ो की तादाद में ग्रामीण पहुंचकर धरना देंगे। वहीं आगामी रुपरेखा को लेकर धरना स्थल पर ग्रामीणों ने 51 सदस्य कमेटी का गठन किया है।