साइबर ठगी करते तीन बदमाश जंगल से गिरफ्तार: 3 मोबाइल और 5 फर्जी सिम जब्त
18 लाख का मिला ट्रांजेक्शन
डीग जिले की पहाड़ी थाना पुलिस ने जंगल में साइबर ठगी करते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों से 3 मोबाइल और 5 फर्जी सिम जब्त की गई हैं। आरोपी के मोबाइल की तलाशी के दौरान 18 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन मिला है। आरोपी पुराने नोट और सिक्के खरीदने और फर्जी टेक्स्ट्स मैसेज भेजकर ठगी करते थे।
जंगल में बैठकर ठगी
पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि 12 जुलाई की देर शाम साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक टीम थाने से रवाना हुई। मुखबिर की सूचना मिली कि घाटमिका के जंगल में कुछ साइबर ठग एकांत जगह पर बैठे हुए हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां 3 साइबर ठग बैठे हुए मिले। जिन्हें पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
3 मोबाइल, 5 सिम जब्त
जब तीनों युवकों की तलाशी ली तो, उनके पास 3 मोबाइल, 5 फर्जी सिम मिले। जिन्हें जब्त कर मोबाइलों की तलाशी ली गई तो, मोबाइल में ठगी से संबंधित डाटा मिला। जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह पुराने सिक्के और नोट महंगे दामों पर खरीदने, लोगों के मोबाइल पर पैसे डालने का फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर ठगी करते हैं।
18 लाख का मिला ट्रांजेक्शन
जब्त किए गए 3 मोबाइलों में 18 लाख का ट्रांजैक्शन मिला है। अब आरोपियों से फर्जी सिम कार्ड और चोरी के मोबाइल उपलब्ध करवाने वाली गैंग के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम निसार, इस्ताक निवासी झंड़ीपुर थाना पहाड़ी और हसीन निवासी घाटमिका थाना पहाड़ी होना बताया है।


