किशनगढ़बास में थाने की छत से गिरा कॉन्स्टेबल, मौतः सिर में लगी थी गंभीर चोट, अलवर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना परिसर में शनिवार सुबह 11:30 बजे कॉन्स्टेबल थाने की छत से गिर गए। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया-वीरेंद्र यादव थाने की तीसरी मंजिल से गिर गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान अलवर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी ने बताया-वीरेंद्र यादव शेखपुर थाना क्षेत्र के गांव ईसरोदा के रहने वाले थे। शनिवार को वीरेंद्र यादव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर कपड़े सुखाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ने के कारण वे नीचे आ गिरे। गिरने की तेज आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत किशनगढ़बास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
वीरेंद्र यादव लंबे समय से पुलिस विभाग में कार्यरत थे और वर्तमान में किशनगढ़बास थाने में सेवा दे रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं।