रक्षाबंधन पर बीमा सुरक्षा के संकल्प की अनूठी पहल – अलवर बना प्रेरणा का केंद्र
अलवर (राजस्थान) अलवर जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला के निर्देशन में अलवर जिले में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बीमा सुरक्षा को लेकर एक अभिनव पहल "रक्षा सूत्र – बीमा सुरक्षा का संकल्प" कार्यक्रम के रूप में प्रारंभ की गई है। इस निर्णय के अंतर्गत जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में यह जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से बीमा सुरक्षा के प्रति उनके परिवारों एवं समाज में जागरूकता फैलाना है। रक्षाबंधन केवल प्रेम और विश्वास का प्रतीक ही नहीं, अपितु सुरक्षा का भी वचन है। इसी भावना को बीमा सुरक्षा से जोड़ते हुए यह अभिनव कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।
संयुक्त निदेशक, डॉ. संजीव कुमार दास, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग, अलवर ने बताया कि यह प्रयास बच्चों को बीमा सुरक्षा के महत्व से परिचित कराने के साथ-साथ उनके माध्यम से परिवारों को आर्थिक सुरक्षा की परिधि में लाने का भी एक सार्थक माध्यम बनेगा। "राखी एक प्रेम और सुरक्षा का बंधन है, और बीमा – एक परिवार की आर्थिक सुरक्षा का कवच। हमारा उद्देश्य है कि अलवर भारत का पहला ऐसा जिला बने जहाँ प्रत्येक नागरिक बीमा सुरक्षा के महत्व को समझे और अपनाए।"
कार्यक्रम की मुख्य गतिविधियाँ इस प्रकार होंगी:
- विद्यालयों की प्रार्थना सभा में बीमा जागरूकता संबंधी प्रेरणादायक संदेश एवं भाषण।
- विद्यार्थियों द्वारा एक-दूसरे को राखी के अवसर पर रक्षा सूत्र बाँधते हुए "बीमा सुरक्षा का संकल्प" दोहराना।
- प्रत्येक छात्र को एक अतिरिक्त रक्षा सूत्र एवं संक्षिप्त बीमा संदेश पत्रक प्रदान किया जाएगा, जिसे वे अपने परिजनों को बाँधकर बीमा का संदेश देंगे।
- विद्यालय स्तर पर “बीमा है सुरक्षा का कवच” जैसे विषयों पर पोस्टर/नारा लेखन/दीवार लेखन प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा सकेंगी।
- कार्यक्रम की संक्षिप्त रिपोर्ट, फोटो एवं वीडियो ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से संकलित की जाएगी।
इस कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग द्वारा विद्यालयों तक पहुँचाई जाएगी, तथा समन्वय की जिम्मेदारी भी विभाग द्वारा निभाई जाएगी। जिला स्तरीय बीमा समिति की अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि इस कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से राखी के पावन अवसर पर आयोजित करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार बीमा सुरक्षा के दायरे में आ सकें।
संदेश:
“एक सूत्र, एक संकल्प – हर घर बीमा सुरक्षित हो।”
“रक्षा सूत्र के साथ बीमा का वचन – सुरक्षा का सही बंधन!”