गोविन्दगढ़ CHC में बारिश से जर्जर भवन से टपका पानी एक्सरे मशीन में आया करंट , मरीजों को हटाया
अलवर के गोविन्दगढ़ कस्बे में सुबह 9:30 बजे हुई तेज बारिश ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं को और बढ़ा दिया। बारिश के बाद अस्पताल के एक्स-रे रूम की छत से पानी टपकने लगा। इससे एक्स-रे मशीन में करंट आने की समस्या हो गई।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत एक्स-रे रूम को बंद कर दिया गया। लैब की छत से भी पानी टपकने के कारण उसे भी बंद करना पड़ा। जनरल वार्ड में स्थिति और भी गंभीर हो गई। बेड के ऊपर पानी टपकने से मरीजों को उठकर इधर-उधर जाना पड़ा। ये वही बेड हैं जो विधायक सुखवंत सिंह की अनुशंसा पर हाल ही में लगाए गए थे। बारिश के पानी से इन बेड का भी जल्द खराब होने का खतरा है।
सहायक रेडियोग्राफर पवन शर्मा ने बताया कि छत से आ रहे पानी के कारण एक्स-रे मशीन में अर्थिंग की समस्या हो गई। इससे मरीजों को करंट लगने का खतरा था। अस्पताल प्रभारी के आदेश पर एक्स-रे मशीन को बंद कर ताला लगा दिया गया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. शिवकांत शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण छत से मशीनों पर पानी टपक रहा था। मरीजों और कर्मचारियों को करंट लगने का खतरा था, इसलिए सभी मशीनों को बंद करवा दिया गया।

