जिला स्तरीय ‘किसान समारोह’ सरदार विद्यालय में हुआ सम्पन्न
नारायणपुर: (भारत कुमार शर्मा) प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के अंतरण के अवसर पर शनिवार को जिला स्तरीय किसान समारोह का आयोजन सरदार रा.उ.मा. विद्यालय, कोटपूतली में किया गया। समारोह में जिला स्तरीय अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।जिला स्तर के कार्यक्रम राष्ट्र स्तर पर वाराणसी में आयोजित एवं राज्य स्तर पर बांसवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुना और देखा। पीएम ने इस दौरान किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि, देश का अन्नदाता ही राष्ट्र की रीढ़ है। हमारी सरकार किसानों की आर्थिक सशक्तता और समग्र उन्नति के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान बांसवाड़ा से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी उद्बोधन वर्चुअल रूप में प्रसारित किया गया।कार्यक्रम में लाभार्थी किसान उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना के तहत समय पर मिलने वाली राशि को किसानों की वित्तीय स्थिरता में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि योजना उनके लिए न सिर्फ आर्थिक सहायता है, बल्कि खेती के प्रति उनका मनोबल भी बढ़ाती है। मौसमी अनिश्चितताओं और लागत वृद्धि के बीच यह रकम उन्हें बीज, खाद, और सिंचाई जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है।