भक्तिभाव से सराबोर कांवड़ मार्ग, झांकियों में दिख रही शिव महिमा, कलाकारों ने मन मोहा
उदयपुर। (मुकेश मेनारिया) जिले के बाठरड़ा खुर्द गांव में विशाल कांवड़ यात्रा गाजे बाजे के साथ रविवार को धूमधाम के साथ निकाली गई। कांवड़ यात्रा में झांकी कांवड़ों की छटा देखते ही बन रही है। शिव-पार्वती के रूप में सजे कलाकार, भक्ति गीतों पर नृत्य ने पूरे कांवड़ मार्ग को भक्तिमय बना दिया। कावड़ यात्रा में सुसज्जित ऊंट गाड़ी में श्रृंगारित शिवलिंग विराजमान है। यात्रा ओराकांकर महादेव मंदिर से शुरू होकर हनुमान चौक, वासुदेव सरोवर स्थिति राम मन्दिर पहुंची जहा वासुदेव सेना द्वारा फूल मालाओं से स्वागत कर भक्तो को प्रसाद वितरण किया गया। तत्पश्यात वासुदेव चौक, आजाद चौक , खेड़ा बस्ती, महाकाली माता मंदिर होते हुए नीलकंठ महादेव पहुंची। जहा भक्तो ने नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक किया। भस्म आरती की बोली लगी जिसमे 12551 की बोली पर मुकेश पिता किशन सोमावत द्वारा आरती की गई। आरती के बाद महाप्रसाद वितरण किया गया।
शिव-पार्वती बने कलाकारों ने मोहा मन
कांवड़ मार्ग पर झांकियों में शिव-पार्वती के वेश में कलाकार चलती कांवड़ पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े । श्रद्धालु इन्हें देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं और रास्ते भर फूल बरसाकर स्वागत कर रहे हैं। ये कलाकार अघोरी कि खूबसूरत वेशभूषा और मेकअप के साथ शिव भजनों पर अपने नृत्य से लुभा रहे हैं।
डीजे और भक्ति गीतों पर झूमते चल रहे श्रद्धालु
कांवड़ के साथ चल रहे डीजे से शिव भक्ति और देशभक्ति के गीतों की गूंज हो रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई कांवड़ यात्रियों को देख झूम उठता है। यही नहीं लोग अपने घरों से निकलकर इन्हें देखने के लिए कांवड़ मार्ग पर पहुंचे।