रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र ,सशस्त्र सीमा बल , मौजपुर में रक्षाबंधन पर्व पर ब्रह्माकुमारी बहनों का आगमन, जवानों को राखी बाँधकर मनाया पर्व
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
संजीव यादव ,उप महानिरीक्षक की अध्यक्षता में रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र ,सशस्त्र सीमा बल , मौजपुर ,अलवर में रक्षाबंधन पर्व का आयोजन बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों का आरटीसी परिसर में आगमन हुआ , जिन्होंने SSB के जवानों को राखी बाँधी और मिठाई खिलाकर भाईचारे का यह पर्व मनाया।
इस आयोजन ने न केवल सैनिकों को घर से दूर रहते हुए पारिवारिक प्रेम का अनुभव कराया, बल्कि आत्मीयता और सेवा के भाव को भी प्रबल किया।
ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा एक सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें शांति, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित भावनात्मक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। कार्यक्रम में उपस्थित जवानों और अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और ब्रह्माकुमारी बहनों के प्रति आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों के मनोबल को बढ़ाना, सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखना और आत्मिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना रहा। प्रशिक्षण केंद्र के DIG ने अपने वक्तव्य में ब्रह्माकुमारी संस्था के इस योगदान की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन सैनिकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

