गोरखपुर में एटीएस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
गोरखपुर (शशि जायसवाल)
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के चौरी चौरा के चौरीखास गांव में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजू तिवारी उर्फ राजू बाबा को गिरफ्तार किया है। राजू पर आरोप है कि वह पिछले 6 साल से विदेशी नागरिकों को फर्जी आधार कार्ड दिलाने का काम कर रहा था।
शातिर दिमाग का मास्टरमाइंड- सूत्रों के मुताबिक, राजू बेहद शातिर दिमाग का है। उसका काम सबसे पहले फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाना था, जिसके आधार पर वह आधार कार्ड तैयार कराता था। वह अपनी अच्छी पकड़ का फायदा उठाकर किसी भी व्यक्ति का आधार बनवा लेता था, चाहे उसकी पृष्ठभूमि या राष्ट्रीयता कुछ भी हो।
जांच का दायरा बढ़ा- एटीएस की इस कार्रवाई से चौरी चौरा और आसपास के जन सेवा केंद्र संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। एटीएस सूत्रों का कहना है कि राजू की गिरफ्तारी सिर्फ एक शुरुआत है। उसकी जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है और जब्त किए गए मोबाइल व दस्तावेजों से कई और नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।
कई और नाम सामने आने की आशंका- एटीएस इस बात की जांच कर रही है कि राजू ने कितने विदेशी नागरिकों को आधार कार्ड दिलाए और इसके बदले कितनी रकम वसूली। राजू ने यह धंधा दूसरे जन सेवा केंद्रों पर काम सीखकर शुरू किया था। शुरुआत में उसने चौरी चौरा थाने के सामने अपना खुद का केंद्र खोला था, लेकिन बाद में दुकान बंद कर घर से ही यह अवैध काम करने लगा।