इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर फ्रॉड करते थे, 2 गिरफ्तार
दौसा ,राजस्थान
दौसा जिले मे साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पापड़दा थाना पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरोपी साइबर ठग वर्क फ्रॉम होम के नाम पर झांसा देकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
थाना इंचार्ज संतचरण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सतीश मीणा निवासी कुटकिया लालसोट व पिंटू मीणा निवासी कालेडी के रहने हैं। जिनसे 3 मोबाइल जब्त किए हैं। थाना इंचार्ज ने बताया कि आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम एप्लीकेशन पर आईडी बनाकर वर्क फ्रॉम होम हैंडराईटिंग जॉब सेव टाइम बाई वर्किंग फ्रॉम होम के नाम पर 8 से 12 हजार रुपए प्रति सप्ताह कमाने का झांसा देकर लोगों को यूपीआई के जरिए रुपए ट्रांसफर कराने के लिए फंसाते थे। इस संबंध में साइबर सेल द्वारा गठित विशेष टीम द्वारा प्रतिबिंब शिकायत नंबर के आधार पर मोबाइल नंबर की लोकेशन से आरोपियों को गिरफ्तार किया।