टपूकड़ा पुलिस ने सोनू हत्याकांड का किया राजफाश
खैरथल-तिजारा (अनिल गुप्ता)
टपूकड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम दांगनहेड़ी में 21 अगस्त की रात हुए सोनू शर्मा हत्याकांड का खुलासा टपूकड़ा पुलिस ने कर बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना की जानकारी मृतक के भाई महेंद्र ने दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। थानाधिकारी राजीव शर्मा ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान मृतक के भाई को सूचना देने वाले राजवीर उर्फ जैला पर शक गहराया। गहन पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शराब के नशे में विवाद के दौरान उसने सोनू शर्मा को पत्थर व मारपीट से गंभीर चोटें पहुंचाई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शक से बचने के लिए वही खुद मृतक के भाई को सूचना देने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी राजवीर उर्फ जैला पुत्र रामफल गुर्जर, निवासी चौलाई की ढाणी, ग्राम बुरहेड़ा थाना खुशखेडा को गिरफ्तार कर लिया है।