60 घंटे से ज्यादा की मशकत के बाद ट्रेंकुलाइज हुआ लेपर्ड:गोपालपुरा पुलिया के नजदीक से पकड़ में आया
जयपुर ,राजस्थान
जयपुर के गोपालपुरा पुलिया के नजदीक एनबीसी फैक्ट्री में गुरुवार शाम लेपर्ड मूवमेंट की जानकारी मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री एरिया में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। लेकिन देर रात होने की वजह से लेपर्ड नहीं मिल सका था। इसके बाद शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम को लेपर्ड के फुटप्रिंट फैक्ट्री एरिया से बाहर जाते हुए मिले। इसके बाद वन विभाग की टीम ने स्मृति वन, जलधारा और एमएनआईटी परिसर में भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जहां से शनिवार को एक बार फिर लेपर्ड के फुटप्रिंट फैक्ट्री की ओर जाते हुए मिले। इसके बाद शनिवार रात से ही वन विभाग की टीम फैक्ट्री एरिया में वन विभाग की तलाश में जुड़ गई। जहां लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा एक्सपर्ट ट्रेंकुलाइजर को भी बुलाया गया। गोपालपुरा पुलिया के नजदीक पहुंचे लेपर्ड को वन विभाग की टीम ने रविवार को ट्रेंकुलाइज कर लिया है। लेपर्ड की उम्र 10 से 12 महीने की बताई जा रही है। जो भोजन और मां की तलाश में वन क्षेत्र से भटक रिहायशी इलाके में पहुंच गया था।
क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि गोपालपुरा पुलिया के नजदीक पहुंचे लेपर्ड को सफल तरीके से आज सुबह ट्रेंकुलाइज कर लिया गया है। लेपर्ड मेल है, जिसकी उम्र 10 से 12 महीने की है। जो फिलहाल पूरी तरह से सकुशल है। फिलहाल उसे एक्सपर्ट की निगरानी में झालाना लेपर्ड रिजर्व में रखा गया है। वहीं अब उसकी मां को पकड़ने की भी तैयारी की जा रही है। जिसका पिछले कुछ वक्त से एमएनआईटी परिसर में मूवमेंट है। उम्मीद है कि लेपर्ड भोजन और मां की तलाश में भटक कर गोपालपुरा पुलिया तक पहुंच गया था। बता दें कि गुरुवार से अब तक वन विभाग के बीच से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी लगातार लेपर्ड के मूवमेंट पर निगरानी बनाएं रखे हुए थे। लेपर्ड को पकड़ने के लिए फैक्ट्री एरिया में जहां दो पिंजरे लगाए गए थे। वहीं फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के एक्सपर्ट डॉक्टर अरविंद माथुर को भी लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज करने के लिए बुलाया गया था। लेकिन लगातार लेपर्ड मूवमेंट कर रहा था। इसके बाद उसकी आखिरी मूवमेंट एक बार फिर फैक्ट्री एरिया की ओर थी। जहां बीती रात से ही वन विभाग की टीम निगरानी बनाए हुए थी। जहां उसके मूवमेंट के साथ ही उसे ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया गया। वहीं अब वन विभाग की टीम फीमेल लेपर्ड पूजा की तलाश में जुट चुकी है। जो पिछले कुछ दिनों से लगातार एमएनआईटी कैंपस में मूवमेंट कर रही है।