तहसील कार्यालय में छज्जे से गिरा मलवा, दो हुए घायल
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन) तहसील कार्यालय की बिल्डिंग जर्जर हो जाने से आज दोपहर रिकार्ड रूम के नीचे छज्जे से अचानक प्लास्टर गिरने से अपने निजी कार्य से आए तहसील में मंशा चौधरी पुत्र धन्नाराम निवासी नारनौल उम्र 45 वर्ष पप्पू राम पुत्र शोभाराम निवासी ढड उम्र 32 वर्ष हाथ सिर एवं कंधे पर लगी चोटों से घायल हो गए ।
मौजूद लोगों द्वारा घायल अवस्था में तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार कर चोटों की जांच के लिए अलवर रैफर कर दिया । इस घटना में स्टांप सेलर हेमवती नंदन सिद्ध बाल बाल बच गए। हादसा होने पर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। इससे पूरे कार्यालय में भय का माहौल है। तहसील कार्यालय की बिल्डिंग जर्जर अवस्था में है। 2 वर्ष पूर्व तात्कालिक जिलाधीश जितेंद्र सोनी द्वारा भी स्थानीय प्रशासन को तहसील भवन खाली करने के आदेश कर दिए गए थे। अधिकांश कमरों की छतों में नमी आ रही है। पूर्व में भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं घट चुकी है।
तहसील में बैठे एडवोकेट स्टांप सेलर अर्जी नवीसो ने बताया कि तहसील कार्यालय की बिल्डिंग जर्जर है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। तहसील कार्यालय में रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। जर्जर बिल्डिंग की स्थिति को देखते हुए किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। छत से प्लास्टर दीवारों का मलवा आए दिन गिरता रहता है। उच्च अधिकारियों ने अभी तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
हादसे को लेकर तहसीलदार ममता कुमारी से वार्ता होने पर उन्होंने बताया कि शीघ्र ही किले पर अटल सेवा केंद्र में तहसील कार्यालय शिफ्ट कर रहे हैं। अटल सेवा केंद्र का निरीक्षण मेरे द्वारा आज कर लिया गया है।

