कार मे बैठी किन्नर गुरु की गोली मारकर हत्या, बाइक पर आया बदमाश, फायरिंग कर भागा
नीमराना (योगेश शर्मा)
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में किन्नर गुरु मधु शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपनी टीम के साथ बधाई लेने गई थी। वह सड़क पर गाड़ी में बैठी थी। इसी दौरान एक बदमाश बाइक पर आया और उसने गोली चला दी। गोली सीधे मधु शर्मा की छाती में लगी। घटना नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर 11:55 बजे की है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
घटना से किन्नर समाज में भारी रोष व्याप्त है। जानकारी अनुसार गुरु मधु शर्मा सिर्फ बधाई लेने तक ही सीमित नहीं थीं, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाती थीं। उन्होंने बधाई राशि से क्षेत्र में वाटर कूलर लगवाए, गौशालाओं को सहयोग दिया, अनाथ बच्चों को गोद लेकर पालन-पोषण किया और गरीब बच्चियों की पढ़ाई का खर्च भी उठाया। उनकी निस्वार्थ सेवा ने उन्हें क्षेत्र में एक सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्व बनाया था। पुलिस गोली मारने वाले हमलावर की तलाश कर रही है। स्थिति को देखते हुए शाहजहांपुर और नीमराना पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई है।