नदबई क्षेत्र में औद्योगिक प्रतिष्ठानों से नगरीय विकास कर वसूली को लेकर उद्योगपतियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक जगत सिंह से मिला
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
भरतपुर जिले के नदबई क्षेत्र में औद्योगिक प्रतिष्ठानों से नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) वसूली को लेकर उठा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। ऑयल मिल मालिकों ने आवासीय दरों के हिसाब से टैक्स वसूली पर आपत्ति जताते हुए विधायक जगत सिंह से गुहार लगाई है।
उद्योगपतियों का कहना था कि औद्योगिक डीएलसी दर तय न होने के बावजूद उनसे टैक्स वसूला गया, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ा। उद्योगपतियों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में विधायक जगत सिंह के निवास पहुंचा और मामले की पूरी जानकारी दी।
विधायक के निजी सचिव ने बताया कि विधायक ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी से बात कर भरतपुर जिले की औद्योगिक डीएलसी दर के आधार पर टैक्स की पुनर्गणना और अतिरिक्त वसूली गई राशि को अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित करने के निर्देश दिए हैं।