कुम्हेर में 10 नवंबर को लगेगा निशुल्क बाल नेत्र शिविर
डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल के सहयोग से समृद्ध भारत अभियान करेगा आयोजन
भरतपुर (विष्णु मित्तल) समृद्ध भारत अभियान संस्था द्वारा समाज सेवा की दिशा में एक और सराहनीय पहल करते हुए देश के प्रख्यात डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल, नई दिल्ली के सहयोग से आगामी 10 नवम्बर को कुम्हेर पुलिस थाने के पास स्थित सीडीपीओ कार्यालय परिसर में निशुल्क बाल नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है।शिविर में 16 वर्ष तक की आयु के बच्चों की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा की जाएगी। संस्था के निदेशक सीताराम गुप्ता ने बताया कि शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की आंखों में होने वाले मोतियाबिंद, तिरछापन, भैंगापन तथा अन्य नेत्र संबंधित समस्याओं की पहचान की जाएगी।जिन बच्चों की स्थिति ऑपरेशन योग्य पाई जाएगी, उनका निशुल्क ऑपरेशन डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल, नई दिल्ली में किया जाएगा। वहीं, जिन बच्चों को दृष्टि सुधार के लिए चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें मौके पर ही निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। गुप्ता ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर आंखों की जांच के माध्यम से दृष्टि दोषों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है। संस्था का मानना है कि बाल्यावस्था में की गई छोटी-छोटी चिकित्सा जांचें आगे चलकर बच्चों की दृष्टि सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिविर के दौरान बच्चों के साथ आए अभिभावकों को भी आंखों की देखभाल, पोषण और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी, ताकि भविष्य में नेत्र रोगों से बचाव किया जा सके। शिविर में भाग लेने के लिए इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर स्थल पर ला सकते हैं। सभी जांचें और उपचार पूरी तरह निशुल्क रहेंगे। संस्था के प्रदेश प्रभारी पुनीत गुप्ता ने बताया कि संस्था की ओर से क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों को शिविर में लाकर इस सेवाभावी अभियान का लाभ उठाएं और अन्य परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें।