सभी युवा प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़े- डॉ शैलेश सिंह

वंदे मातरम की गूंज और सरदार का लौह संकल्प के साथ विधायक डॉ. शैलेश सिंह के नेतृत्व में एकता मार्च' में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब

Nov 8, 2025 - 13:21
 0
सभी युवा प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़े- डॉ शैलेश सिंह

डीग (नीरज जैन) भारत के इतिहास के दो स्वर्णिम अध्यायों—राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष और अखंड भारत के शिल्पी 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अभूतपूर्व संगम पर शनिवार को जलमहलों की नगरी डीग में  भाजपा विधायक डॉ. शैलेश सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं ओजस्वी नेतृत्व में, जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 'एकता मार्च' में हज़ारों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसने एकता और राष्ट्रप्रेम का एक नया इतिहास रच दिया।
जिला स्तरीय मुख्य 'एकता मार्च' का आगाज़ नेहरू पार्क से हुआ, जहाँ  विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा की जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा और एसटी कमीशन के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र मीणा ने तिरंगा ध्वज दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। यह मार्च मेला मैदान, सिंह पोल गेट, पुरानी अनाज मण्डी, लक्ष्मण मन्दिर, मैन मार्केट, लौहा बाजार, नई सड़क, अस्पताल होते हुए पुराना बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक पहुँचा। जहां विधायक और अन्य अतिथियों द्वारा अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
मार्च में भारत स्काउट गाईड, एन.एस.एस., महाविद्यालयों व विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, राजकीय कार्मिकों और आमजन ने भाग लिया।  पूरा शहर वंदे मातरम', 'भारत माता की जय' और 'सरदार पटेल अमर रहें' के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। मार्च का समापन पुनः नेहरू पार्क में एक विराट सभा के रूप में हुआ।

सरदार पटेल ने रियासतों को नहीं, भारत की आत्मा को जोड़ा = डॉ. शैलेश सिंह
इस अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए  विधायक डॉ शैलेश सिंह ने अपने प्रखर उद्बोधन में कहा कि आज हम दो महापुरुषों को एक साथ याद कर रहे हैं। एक बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, जिन्होंने 'आनंदमठ' में 'वंदे मातरम' का वह महामंत्र दिया, जिसने आज़ादी की लड़ाई को एक नई दिशा दी। दूसरे हमारे लौह पुरुष सरदार पटेल, जिन्होंने उस आज़ादी को अक्षुण्ण बनाया।
उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस से जूनागढ़, हैदराबाद सहित 560 से अधिक रियासतों का विलय कर केवल नक्शा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को एक किया। उनका यह ऋण यह राष्ट्र कभी नहीं चुका सकता।
विधायक डॉ शैलेश सिंह ने अतीत के गौरव को वर्तमान के संकल्प से जोड़ते हुए कहा सरदार पटेल का एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना आज हमारे प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में साकार हो रहा है। आज का भारत एक नया भारत है, बदलता भारत है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विज़न को साझा करते हुए कहा, प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। आज भारत अर्थव्यवस्था में जापान को पीछे छोड़ चुका है, हमारी महिला खिलाड़ी विश्व कप जीतकर देश का मान बढ़ा रही हैं। यह बदलता हुआ भारत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे टेक्नोलॉजी, मेडिकल और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नवाचार कर देश का नाम रोशन करें।
समारोह को एसटी कमीशन के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने भी सम्बोधित किया।  मार्च से पूर्व एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने नेहरू पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं जिला चिकित्सालय डीग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
जिले के समस्त विद्यालयों व महाविद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन व रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।  "एक स्थान, एक समय, एक गीत- वंदे मातरम" की थीम पर ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी सामूहिक गायन और यात्राएं निकाली गईं। मुख्य समारोह में गुरु आशीष सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के छात्रों ने 'तेरी मिट्टी' और 'वंदे मातरम' की रोंगटे खड़े कर देने वाली प्रस्तुति दी। आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने 'देश हमारा जग में पावन' गीत से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने एसटी कमीशन के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र मीणा को कुशल व्यवस्था के लिए, तथा प्रशासन, पुलिस, स्काउट, एनसीसी और डीग की जनता को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर  राजकुमार कस्वां ने भी सभी का आभार व्यक्त किया। 

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क ll बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................ मौजूदा समय में डिजिटल मीडिया की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। आलम तो यह है कि हर कोई डिजिटल मीडिया से जुड़ा रहना चाहता है। लोग देश में हो या फिर विदेश में डिजिटल मीडिया के सहारे लोगों को बेहद कम वक्त में ताजा सूचनायें भी प्राप्त हो जाती है ★ G Express News के लिखने का जज्बा कोई तोड़ नहीं सकता ★ क्योंकि यहां ना जेक चलता ना ही चेक और खबर रुकवाने के लिए ना रिश्तेदार फोन कर सकते औऱ ना ही ओर.... ईमानदार ना रुका ना झुका..... क्योंकि सच आज भी जिंदा है और ईमानदार अधिकारी आज भी हमारे भारत देश में कार्य कर रहे हैं जिनकी वजह से हमारे भारतीय नागरिक सुरक्षित है