मकराना–मंगलाना ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा, कानपुर जा रहा मार्बल पाउडर से भरा ट्रक पलटा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के व्यस्त मकराना–मंगलाना रेलवे ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर 2 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। मकराना से कानपुर की ओर जा रहा मार्बल पाउडर से भरा भारी ट्रक अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया, जिससे ओवरब्रिज का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक को सड़क पर अचानक सामने आई बाधा के कारण एकदम से ब्रेक लगाना पड़ा। तेज ब्रेक के झटके से ट्रक का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नीचे की ओर झुक गया, जिससे उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और ट्रक पलट गया।
हादसे के बाद ट्रक में भरा पाउडर ब्रिज पर फैल गया और ओवरब्रिज पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। घटना के बाद स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन मौके पर पहुँचकर ट्रैफिक को डायवर्ट कर साफ-सफाई और राहत कार्य शुरू कर दिया। ट्रक पलटने के कारण कई घंटों तक वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुँचा है।

