दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर हैलीकॉप्टर सेवा शुरू
राजगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को नए आयाम देते हुए अलवर जिले के पिनान कस्बे में 125 किलोमीटर पायदान पर बने रेस्ट एरिया (विश्राम गृह) में हैलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह सेवा “बुक योअर हैलीकॉप्टर” कंपनी द्वारा शुरू की गई है, जो आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को तेज़ और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कंपनी के प्रवक्ता मनीष कुमार सुनारी ने जानकारी दी कि इस हैलीकॉप्टर सेवा का प्राथमिक उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल तक एयरलिफ्ट करना है। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहाँ प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। दुर्घटनाओं की स्थिति में एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुँचने में समय लग जाता है, जिससे घायल व्यक्ति की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे में यह हेलीकॉप्टर सेवा “गोल्डन आवर” में तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाकर कई जानें बचाने में मददगार साबित होगी।इस सेवा को शुरू करने में NHAI, NHLML तथा पथ इंडिया लिमिटेड का तकनीकी और प्रबंधन स्तर पर महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। गौरतलब रहे कि इन संस्थाओं ने हेलीपैड निर्माण, अनुमतियों, रूट प्लानिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में अहम भूमिका निभाई है।
नेताओं का योगदान
इस परियोजना के क्रियान्वयन में अलवर सांसद एवं केंद्रीय केबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव का विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन में परियोजना को केंद्र और राज्य स्तर पर जरूरी अनुमतियाँ तेजी से मिली। साथ ही उनके सहयोगी आयुष सहारण ने भी संबंधित विभागों के समन्वय में महत्वपूर्ण कार्य किया।
कंपनी ने बताया कि जल्द ही इस हेलीकॉप्टर सेवा का द्वितीय चरण शुरू किया जाएगा। यह चरण राजस्थान पर्यटन विभाग के साथ मिलकर संचालित होगा, जिसमें राजस्थान के प्रमुख तीर्थ स्थल, अरावली पर्वतमाला, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरें, तथा लोकप्रिय दर्शनीय स्थल के लिए जॉय राइड और एरियल टूर शुरू किए जाएंगे। यह सेवा राजस्थान में हैलीकॉप्टर पर्यटन को एक नई दिशा देने वाली होगी और इससे राज्य में पर्यटन उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाला हेलीपैड
रेस्ट एरिया में जो हेलीपैड बनाया गया है, वह अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और संचालन मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। यहाँ एक साथ आठ हैलीकॉप्टर पार्क किए जा सकते हैं। हैलीपैड पर रात में उड़ान संचालन के लिए हाई–इंटेंसिटी लाइटिंग के साथ पायलटों के लिए नेविगेशन सहायता है। यात्रियों के लिए वेटिंग लाउंज और आपात स्थितियों के लिए कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
इस नई हैलीकॉप्टर सेवा से न केवल दुर्घटना राहत कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर यात्रा कर रहे लाखों लोगों को आपातकाल में त्वरित सहायता मिल सकेगी। साथ ही आने वाले महीनों में पर्यटन आधारित हवाई सेवाएँ शुरू होने से अलवर और आसपास के जिलों में आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।


