महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह का दो दिवसीय आयोजन, पोस्टर का विमोचन

Dec 19, 2025 - 14:00
 0
महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह का दो दिवसीय आयोजन, पोस्टर का विमोचन

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह के 24 एवं 25 दिसम्बर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह पोस्टर का विमोचन भी किया गया। 

अतिरिक्त जिला कलक्टर घनश्याम शर्मा ने कहा कि महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह जिले के गौरव, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहभागिता निभाते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने दो दिवसीय समारोह को भव्य रूप देने के लिए व्यापारिक संगठनों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल के शौर्य, प्रताप, त्याग और जनहितैषी शासन से युवा पीढ़ी को अवगत कराने के उद्देश्य से यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति, कला एवं परंपराओं का समावेश किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजस्थान एवं जिले के स्थानीय लोक कलाकारों को आमंत्रित किया जाए। किशोरी महल में आयोजित की जाने वाली सेंड आर्ट प्रदर्शनी में महाराजा सूरजमल एवं लोहागढ़ किले के शौर्य और सांस्कृतिक गौरव को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाए। वैचारिक संगोष्ठी के माध्यम से युवाओं को महाराजा सूरजमल के योगदान, शौर्य और त्याग की जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।
महाराजा सूरजमल, पंच गौरव, केवलादेव घना पर होगी प्रश्नोत्तरी
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी ने बताया कि 24 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे टाउन हॉल में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में महाराजा सूरजमल, भरतपुर के पंच-गौरव तथा केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में जिले के समस्त स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने किशोरी महल में सेंड आर्ट प्रदर्शनी हेतु मिट्टी की व्यवस्था नगर निगम द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से रन फॉर विकसित राजस्थान दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खिलाड़ी, सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान एवं अन्य प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे।
पर्यटन संयुक्त निदेशक संजय जौहरी ने समारोह की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 24 दिसम्बर को पवित्र यज्ञ, छात्र-छात्राओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं, सेंड आर्ट प्रदर्शनी, चित्रकला, मेंहदी, रंगोली प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, वैचारिक संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 दिसम्बर को शौर्य यात्रा, प्रतिमा पर पुष्पांजलि, सेंड आर्ट प्रदर्शनी, गंगा मंदिर में फूल बंगला झांकी, दीपमाला, आरती एवं बेस्ट ऑफ राजस्थान सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गौरव कपूर, एमएसजे कॉलेज की प्रोफेसर अनुपमा चीमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................