बिजली चोरी के विरुद्ध सख्त अभियान, 47 मामलों में 8.9 लाख का जुर्माना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा भरतपुर जिले में बिजली चोरी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। यह कार्यवाही दिनांक 15 दिसम्बर से 19 दिसम्बर 2025 के मध्य जिले के समस्त उपखण्ड क्षेत्रों में की गई। अभियान का उद्देश्य विद्युत छीजत को कम करना तथा अनधिकृत विद्युत उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अधीक्षण अभियंता रामहेत मीना ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण कर विद्युत चोरी में लिप्त कुल 47 उपभोक्ताओं को रंगे हाथों पकड़ा गया। इन सभी मामलों में सतर्कता कार्यवाही के अंतर्गत नियमानुसार कुल 8.9 लाख रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यवाही डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार की जा रही है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले के ऐसे गांवों एवं क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है जहां विद्युत छीजत अधिक पाई जा रही है। कार्यवाही के दौरान कई स्थानों पर निगम की टीमों को देखकर उपभोक्ताओं द्वारा स्वयं ही अनाधिकृत जम्पर हटाने की कोशिश की गई। इसके बावजूद निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियम विरुद्ध पाए गए मामलों में आवश्यक कार्यवाही की।
इस अभियान के तहत निगम कर्मचारियों द्वारा भारी मात्रा में अवैध केबल एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। दोषी पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार दंडात्मक कार्यवाही की गई है। अधीक्षण अभियंता ने आमजन से अपील की है कि वे विद्युत चोरी से बचें, अधिकृत कनेक्शन का ही उपयोग करें तथा बिजली से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी निगम को दें, ताकि निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।