एग्रीकल्चर मैनेजर 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर एसीबी की टीम ने भुसावर कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक में बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक के एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ने एसीबी को सूचना दी थी कि फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए एमएसएमई योजना के तहत दस लाख रुपये के लोन को पास कराने के एवज में एग्रीकल्चर मैनेजर ने 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के बाद शुक्रवार को एसीबी ने ट्रेप कार्रवाई की। इस दौरान भगवत प्रसाद सैनी और उनके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को बैंक के बाहर लोन फाइल के संबंध में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की रकम में 20,000 रुपये वास्तविक नकद और 1,30,000 रुपये डमी करेंसी शामिल थे। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में दोनों आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।


