तखतगढ़ में 30 नवंबर से दो दिवसीय विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन
तखतगढ़ / बरकत खां
आंखों की विभिन्न बीमारियों से परेशान नगरवासियों को बेहतर उपचार व परामर्श उपलब्ध कराने के लिए तखतगढ़ में दो दिवसीय विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 30 नवंबर और 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दृष्टि जनरल एवं आई हॉस्पिटल (ली मार्केट के सामने, नेहरू रोड, तखतगढ़) में लगेगा।
नेत्र रोगों की जांच और आधुनिक तकनीक की जानकारी
शिविर का आयोजन तखतगढ़ नगरपालिका के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदगण एवं नगर कांग्रेस कमेटी की पहल पर दृष्टि जनरल एवं आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर में आंखों में एलर्जी, खुजली, पानी आना, लालपन, मोतियाबिंद, नासूर, भेंगापन और आंखों में दर्द सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही रेटिनोस्कोपी के जरिए चश्मे के नंबर की जांच व अन्य जरूरी परीक्षण भी होंगे।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में आधुनिक Oertli Switzerland फेको मशीन से मोतियाबिंद के उपचार और ऑपरेशन की सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। फेको तकनीक में बिना चीरा-टांका और बिना इंजेक्शन ऑपरेशन की सुविधा के साथ मरीज को शीघ्र छुट्टी मिलने का लाभ भी बताया गया है।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं, पंजीकरण के लिए नंबर जारी
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह और डॉ. विकास व्यास (MBBS, MS) अपनी सेवाएं देंगे, जबकि अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पार्षद अनराज मेवाड़ा ने बताया कि जनसेवा की भावना से आयोजित इस शिविर में अधिकाधिक लोगों को लाभ पहुंचाना उद्देश्य है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि वे नेत्र रोगियों को जांच के लिए जरूर लाएं। शिविर की जानकारी व पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 8905880751 पर संपर्क किया जा सकता है।

