राजकीय महाविद्यालय वैर में “नई किरण नशा मुक्ति कार्यक्रम” का आयोजन
वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजकीय महाविद्यालय वैर में नशा उन्मूलन के उद्देश्य से “नई किरण नशा मुक्ति कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक बनवारी लाल बैरवा, सहायक आचार्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बाहर से पधारे मुख्य वक्ता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश चंद जाटव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. महेश चंद जाटव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी अंधकार की ओर ले जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य परसराम गुर्जर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि जागरूक, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। नशा मुक्ति अभियान युवाओं को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में सहायक आचार्य सपना बाई मीणा एवं सहायक आचार्य रामप्रसाद मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य योगेंद्र शर्मा, हरिओम सैनी एवं विनीता मीणा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति किट वितरित की गई तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त जीवन का संकल्प दिलाकर किया गया।