कामां, पहाड़ी, नगर और सीकरी में चलेगा सघन अभियान, 'थर्ड पार्टी ऑडिट' में खनन मिला तो पटवारी से लेकर उपखंड अधिकारी तक पर गिरेगी गाज

Dec 25, 2025 - 14:07
 0
कामां, पहाड़ी, नगर और सीकरी में चलेगा सघन अभियान, 'थर्ड पार्टी ऑडिट' में खनन मिला तो पटवारी से लेकर उपखंड अधिकारी तक पर गिरेगी गाज

 अवैध खनन संबंधित क्षेत्रों में पुलिस चौकी, डीएम-एसपी संतों के साथ करेंगे 'ग्राउंड जीरो' का दौरा, हर माह होगी समीक्षा बैठक 

संरक्षित वन क्षेत्रों में खनन माफिया पर हो 'सर्जिकल स्ट्राइक', अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय=जवाहर सिंह बेढम 

डीग (नीरज जैन) बृज भूमि की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्य सरकार ने अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना ली है। गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री  जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में बृज क्षेत्र के  साधु-संतों और जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के बीच एक  निर्णायक बैठक हुई ,जिसमें गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने स्पष्ट रूप से कहा कि  मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप डीग जिले को 'धार्मिक पर्यटन तीर्थ' के रूप में विकसित किया जाएगा, यहाँ अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।"

 अधिकारियों की सीधी जवाबदेही: "थर्ड पार्टी चेक में कमी मिली तो खैर नहीं" 

बैठक में गृह राज्य मंत्री बेढम ने जिला कलेक्टर  उत्सव कौशल और पुलिस अधीक्षक  ओम प्रकाश मीणा की उपस्थिति में अवैध खनन को लेकर अब तक के सबसे कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि  कामां, पहाड़ी, नगर और सीकरी क्षेत्र में तहसीलदार, एसएचओ, वन विभाग और माइनिंग इंचार्ज की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी।
मंत्री बेढम ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद 'थर्ड पार्टी चेक' (औचक निरीक्षण) कराया जाएगा। यदि इस दौरान किसी क्षेत्र में अवैध खनन चालू पाया गया, तो संबंधित बीट कांस्टेबल, पटवारी, गिरदावर, तहसीलदार और यहाँ तक कि उपखंड अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
 लिवासना और संरक्षित क्षेत्र: संतों की शिकायत पर त्वरित एक्शन 
साधु-संतों द्वारा लिवासना क्षेत्र में डेढ़ किलोमीटर के दायरे में अवैध खनन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए  गृह राज्य मंत्री  बेढ़म ने माइनिंग विभाग को तत्काल जांच के आदेश दिए। साथ ही, उपखंड अधिकारी को इस रिपोर्ट को 'क्रॉस चेक' करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए लिवासना सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस विभाग की चौकियां स्थापित की जाएंगी। उन्होंने वन विभाग के प्रस्तावित कार्यों में पशुओं के लिए विशेष 'रेस्क्यू केंद्र' स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस को निर्देश: "2 दिन कराएं मुनादी, फिर करें कार्रवाई" 

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पुलिस विभाग को एक व्यावहारिक सुझाव देते हुए निर्देशित किया कि अगले दो दिन तक संबंधित एसएचओ क्षेत्र में मुनादी करवाएं कि अवैध खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बाद भी यदि कोई लिप्त पाया जाता है, तो उसके वाहन जब्त कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने डीएम और एसपी को साधु-संतों को साथ लेकर 'ग्राउंड रिपोर्ट' देखने को कहा।

 "ब्रज 84 कोस की परिक्रमा का केंद्र है डीग" 
बैठक में संतों ने सुझाव दिया कि डीग जिला, भगवान श्री कृष्ण की लीला स्थली नंदगांव, गोवर्धन और बरसाना से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे पर्यटन मानचित्र पर तीर्थ स्थल के रूप में उभारा जाए। मंत्री  बेढ़म ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए कहा कि, "आज मुझे संतों के चरणों में बैठने का सौभाग्य मिला है। हम डीग को ऐसा विकसित करेंगे कि श्रद्धालुओं को यहाँ अलौकिक अनुभूति हो।" उन्होंने परिवहन विभाग को सुदृढ़ करने के लिए उच्च स्तर पर वार्ता कर रिक्त पदों को भरने के संकेत भी दिए।
 नियमित संवाद की पहल 
प्रशासनिक इतिहास में एक नई पहल करते हुए निर्णय लिया गया कि अब हर माह साधु-संतों और जिला प्रशासन के बीच समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा हो सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संत रामदास,  शिवराम दास, ब्रज दास,  भूरा बाबा,  हरीबोल दास,  नीलमणि,  राधा रमन दास,  पूरन,  गंगाराम,  दयानिधि,  राधाजीवन दास और  मिहिर कुमार  और डीएफओ चेतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखलेश शर्मा, खनन एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................