होसलो की उड़ान: सीनियर राइफल नेशनल शूटिंग में मीनेश का शानदार प्रदर्शन
हलैना (विष्णु मित्तल) गांव तालफरा की बहू एवं प्रतिभावान एयर राइफल शूटर मीनेश जुरेल ने भोपाल स्थित एमपी स्टेट शूटिंग रेंज में आयोजित 68वीं सीनियर नेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता नेशनल राइफल एसोसियेशन व मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर एंड स्पोर्ट्स के तत्वावधान में 11 से 31 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है।
मीनेश जुरेल ने सीनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 612 अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। हालांकि वह पदक से चूक गईं, लेकिन उनके बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय टीम के लिए आयोजित होने वाले ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिला है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस प्रतियोगिता में तकरीबन 6000 खिलाड़ियों ने भाग लिया है।
जुरेल ने कहा कि उनका सपना नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतकर भारतीय टीम में स्थान बनाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करना है , उनका अगला टारगेट भारतीय टीम का ट्रायल देकर भारतीय टीम में जगह हासिल करके इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भाग लेना है। उन्होंने बताया कि तीन वर्षीय बेटे अथर्व के साथ अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन परिवार और शूटिंग रेंज से उन्हें पूरा सहयोग मिलता है।
उल्लेखनीय है कि मीनेश भरतपुर स्थित योद्धा शूटिंग रेंज में नियमित अभ्यास करती हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच धारा सिंह, सास कुशमा देवी, ससुर ओंकार सिंह, पति गोविंद सिंह, भाई रविकांत, तथा समस्त टीम साथियों को दिया।मीनेश की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। बधाई देने वालों में मुकेश जुरेल, अरविंद जुरेल, रेखा, दीपेंद्र चाहर, वैशाली देवी, सूबेदार कल्याण सिंह, अनिल कुमार, गोपाल पहाड़िया, महाराजा ग्रुप के प्रीतम प्रमुख विपिन कुंतल, हिमांशु जुरेल सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।