समृद्ध भारत अभियान का नववर्ष पर सराहनीय प्रयास, समाचार पत्र वितरकों का किया सम्मान
भरतपुर (विष्णु मित्तल) सर्दी, गर्मी, बरसात अथवा किसी भी प्रकार की परिस्थितियाँ हो, अलसुबह समाचार आपके द्वार पहुँचाने वाले समाचार पत्र वितरक अपनी जिम्मेदारी निभाता है। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले 'न्यूजपेपर योद्धाओं' का समृद्ध भारत अभियान संस्था की ओर से गुरुवार को भूरी सिंह व्यायामशाला पर माल्यार्पण कर और सर्दी से बचाव के लिए जैकेट उपलब्ध कराकर सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने की तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में सेवर पंचायत समिति के विकास अधिकारी विनय मित्र, वरिष्ट पत्रकार मेघश्याम पाराशर, विद्युत निगम के पूर्व अधीक्षण अभियंता हेमराज गोयल, कुम्हेर के सीडीपीओ महेन्द्र अवस्थी उपस्थित थे।
समारोह में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने सभी समाचार पत्र वितरकों को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर समाज को नई राह दिखाने के कार्य में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके श्रम, ईमानदारी, समय पालन व सेवाभाव का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समाचार पत्र वितरकों के बच्चों की शिक्षा एवं पूरे परिवार के स्वास्थ्य जांच के लिए संस्था कार्य करेगी।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी विनय मित्र ने कहा कि समाचार पत्र वितरकों को उपलब्ध कराई गई जैकेट से सर्दी का बचाव होगा, साथ ही नववर्ष पर किए गए सम्मान से उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे उनमें सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और श्रम के प्रति सम्मान की भावना को मजबूती मिलेगी। विद्युत निगम के पूर्व अधीक्षण अभियंता हेमराज गोयल ने कहा कि समय की पाबंदी, अनुशासन और जिम्मेदारी यदि किसी से सीखी जा सकती है तो वे समाचार पत्र वितरक ही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वे वर्षों से अपनी निरंतर सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र वितरण के कार्य को छोटा कार्य नहीं मानना चाहिए । पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने भी समाचार पत्र वितरित किये थे ।
वरिष्ट पत्रकार मेघश्याम पाराशर ने समाचार पत्र वितरकों के सम्मान को सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि समाज के अन्य ऐसे लोगों का भी सम्मान करना चाहिए जो बिना लाभ-हानि के अपने कार्य को बखूबी निभा रहे हैं। भूरी सिंह व्यायामशाला के संचालक चुन्नी कप्तान ने कहा कि श्रम का सम्मान हमारी संस्कृति है। इस अवसर पर सीडीपीओ महेन्द्र अवस्थी, संस्था के स्टेट हेड पुनीत गुप्ता, राजेन्द्र माथुर, जगदीश यादव ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अनिल गर्ग, विष्णु मित्तल, सचिन, मोनू, राम किशन, राजेन्द्र वर्मा, ओम प्रकाश ठाकुर, पप्पू आदि का सहयोग रहा।