गोविंदगढ़ में विकास योजनाओं की समीक्षा: एसडीएम ने कार्यों की प्रगति पर चर्चा की, अधिकारियों को दिए निर्देश
गोविंदगढ़ (अलवर) उपखंड अधिकारी कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय विकास योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विकास अधिकारी, अतिरिक्त विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, सहायक अभियंता और कनिष्ठ तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान विधायक एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, क्षेत्रीय विकास से जुड़ी अन्य योजनाओं तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय स्थिति से अवगत कराया। ई-वर्क पोर्टल पर लंबित भुगतानों और प्रकरणों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने तथा ई-वर्क पोर्टल पर भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
विकास अधिकारी रमेश गुर्जर ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे, इसके लिए सभी कार्मिक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों में गति लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना बताया गया।
बैठक में सहायक विकास अधिकारी महेंद्र मीणा, लेखराज सैनी, सहायक अभियंता हर्षवर्धनी अवस्थी, कनिष्ठ अभियंता पूनम कुमारी, जेटीए राम खिलाड़ी, वीरेंद्र, जीशान खान, ग्राम विकास अधिकारी गिर्राज प्रसाद शर्मा, शंकर लाल कीर, सीपी चौधरी, हेमंत कुमार, राजेंद्र चौधरी, गजेंद्र सिंह, रविंद्र सिंघल, शिवराम मीणा और शशिकांत तंवर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।