रामगढ़ में नशे और साइबर अपराध के खिलाफ सेवा सारथी की बिगुल फूंके; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, गांव-गांव जागरूकता शिविर की मांग
रामगढ़ कस्बे में नशे और साइबर अपराध के खिलाफ जोरदार आवाज उठी। सामाजिक संगठन सेवा सारथी फाउंडेशन ने उपखंड अधिकारी बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति शिविर और साइबर अपराध से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। संगठन की इस पहल को युवाओं के भविष्य से जुड़ा अहम कदम माना जा रहा है।
फाउंडेशन के सदस्य हनीफ खान ने कहा कि मोबाइल और नशे की लत ने युवा पीढ़ी को गलत दिशा में धकेल दिया है। गली-मोहल्लों और स्कूलों के आसपास खुलेआम बिक रहे तंबाकू, गुटखा और पान युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मस्जिदों, मंदिरों, विद्यालयों और सरकारी संस्थानों के आसपास तय दूरी में नशीले पदार्थों की दुकानों पर तुरंत ताला लगाया जाए।
ज्ञापन में सीमा परिधि क्षेत्र में चल रही अवैध शराब की दुकानों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग उठी। सामाजिक कार्यकर्ता फखरुद्दीन ने चेताया कि ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार की ओर से गांव-गांव शिविर लगाकर युवाओं को साइबर अपराध के जाल से बचने की ट्रेनिंग दी जाए।
सेवा सारथी फाउंडेशन के सदस्यों ने प्रशासन से इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई। संगठन का साफ संदेश है—नशा छोड़ो, साइबर जाल से बचो और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ो।

