अलावड़ा में स्वास्थ्य विभाग की सख्ती से मचा हड़कंप, सीएमएचओ के निर्देश पर सड़क किनारे फेंकी गई दवाइयों का तुरंत निस्तारण
रामगढ़ उपखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से बुधवार को दोपहर एक बजे हड़कंप मच गया। अलावड़ा-माणकी रोड पर गुजरपुर मोड़ के पास सड़क किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां और मेडिकल वेस्ट मिलने की सूचना मिलते ही विभाग हरकत में आ गया। सीएमएचओ के निर्देश पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित राठौड़ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर सिरिंज, शीशियां, नीडल और दवाइयों के रैपर बिखरे मिले, जबकि कुछ मेडिकल वेस्ट को गड्ढों में फेंकने और कुछ को जलाने के निशान भी पाए गए। इससे पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए पूरे वेस्ट को एकत्र कर जैव-चिकित्सा अपशिष्ट नियमों के तहत सुरक्षित निस्तारण कराया।
बीसीएमओ डॉ. अमित राठौड़ ने साफ कहा कि यह वेस्ट किसी सरकारी अस्पताल का नहीं है। प्रथम दृष्टया यह किसी नीम-हकीम या निजी मेडिकल स्टोर से जुड़ा मामला प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों को चिन्हित कर नोटिस दिए जाएंगे और कड़ी कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा खतरा टल गया। प्रशासन की सजगता ने साफ कर दिया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।