विद्यार्थियों को बताए करियर मार्गदर्शन के टिप्स, वर्ल्ड एजुकेशन संस्था द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुजाना में हुआ आयोजन
पाली (राकेश कुमार लखारा) वर्ल्ड एजुकेशन संस्था तखतगढ़ द्वारा शनिवार को सुमित्रा देवी पन्नालालजी राणावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूजाना में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में विद्यालय के कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सेमिनार में विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सही करियर विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन दिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा एवं जितेशज कुमावत अशोकजी जसराज सिंह श्रवण जोशी अन्य शिक्षक गण उपस्थित रहे
इस दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, वाणिज्य, कला, व्यावसायिक पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाएँ, स्किल आधारित कोर्स तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक रूप से समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि करियर का चयन करते समय केवल अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता एवं लक्ष्य को ध्यान में रखना चाहिए।
इस करियर काउंसलिंग सत्र का सफल संचालन वर्ल्ड एजुकेशन के संस्थापक चंदन मीणा एवं मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय प्रमाणित करियर काउंसलर नितेश पालीवाल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा करियर से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने सत्र में अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।