ई-केवाईसी नहीं, 52 हजार परिवारों का राशन बंद, 31 तक अंतिम मौका; अब तक 1.40 लाख से ज्यादा यूनिट हटाए
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी गई है। तीन माह में दो बार अंतिम तिथि बढ़ाने के बावजूद बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई। इसके चलते जिले में 52 हजार से अधिक यूनिट का राशन बंद कर दिया गया है।
जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने बताया कि जिले में कुल 1 लाख 38 हजार 501 राशन कार्ड संचालित हैं, जिनमें 6 लाख 18 हजार 154 यूनिट दर्ज हैं। विभाग की ओर से अपात्रों को हटाने और पात्रों को जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
डीएसओ के अनुसार अब तक जिले में 108408 नए नाम/यूनिट जोड़े गए हैं। इनमें पुराने राशन कार्डों में 54052 यूनिट, 2022 की अपीलों के आधार पर 24224 यूनिट, 2025 की अपीलों के आधार पर 30132 यूनिट शामिल हैं।
गिव-अप अभियान के तहत जिले में अब तक करीब 1 लाख 40 हजार यूनिट हटाई जा चुकी हैं। इनमें ई-केवाईसी नहीं कराने पर 52521 यूनिट, स्वेच्छा से योजना छोड़ने पर 87603 यूनिट, चारपहिया वाहन मालिकों व आयकरदाता श्रेणी में आने पर 1400 यूनिट शामिल हैं। डीएसओ राकेश सोनी ने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की गई है। निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों का राशन पहले अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा और बाद में उन्हें योजना से बाहर भी किया जा सकता है। ई-केवाईसी नजदीकी उचित मूल्य दुकान, विभागीय कार्यालय अथवा ई-मित्र पर ऑनलाइन माध्यम से कराई जा सकती है।

