सोशल मीडिया पर बिछाया था ठगी का जाल: पुराने नोट और सिक्के खरीदने के नाम पर लोगों को ठगने वाला चढ़ा रामगढ़ पुलिस के हत्थे
रामगढ़ (अलवर/राधेश्याम गेरा) ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन और फर्जी सिम जैसे साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पुराने सिक्कों और नोटों को ऊंचे दामों पर खरीदने का लालच देकर निर्दोष लोगों को अपना शिकार बनाता था।
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फैलाया था जाल
थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम साइबर ठगों के विरुद्ध लगातार तकनीकी साधनों और मुखबिरों की सहायता से निगरानी रख रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मानकी निवासी एक युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पुराने सिक्कों और दुर्लभ नोटों के फोटो डालकर लोगों को ठग रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी आजिब (22) पुत्र हाकम, निवासी मानकी को गिरफ्तार कर लिया।
दो एंड्रॉइड मोबाइल और सिम जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 2 एंड्रॉइड मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लोगों को झांसा देता था कि वह उनके पुराने सिक्को व पुराने नोटो को महंगे दामो में खरीदने के फोटो डालकर लोगो से ऑनलाईन ठगी करता था।