कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना कायम करने के उद्देश्य से रैपिड एक्शन फोर्स व चार थानों की पुलिस का फ्लैग मार्च
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार को रैपिड एक्शन फोर्स एवं चार थानों की पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स की विशेष बस और पुलिस बल शामिल रहा।
नीली वर्दी में तैनात रैपिड एक्शन फोर्स के भीम सिंह के नेतृत्व में जवानों ने पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जवान पूरी तरह मुस्तैद नजर आए और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना तथा आम नागरिकों को यह संदेश देना रहा कि पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। जवानों ने बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
इस संबंध में सिटी पुलिस अधीक्षक अंगद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि चार थानों की पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स को शामिल कर फ्लैग मार्च कराया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह, तनाव या अव्यवस्था की स्थिति से पहले ही निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।