डेढ़ महीने पहले किडनैप हुई नाबालिग हरियाणा में मिली: घर के बाहर से उठा ले गए थे, एक युवक हिरासत में
भरतपुर में घर के बाहर बने बाथरूम में गई नाबालिग का कुछ लोगों ने जबरन अपहरण कर लिया। परिजनों के विरोध के बावजूद आरोपी धमकाते हुए उसे गाड़ी में डालकर ले गए। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की और लोकेशन के आधार पर शुक्रवार रात हरियाणा से नाबालिग को बरामद कर लिया। एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
- घर के बाहर से किया अपहरण
पुलिस के अनुसार घटना 4 फरवरी की शाम करीब 8.30 बजे की है। नाबालिग घर के बाहर बने बाथरूम में गई थी। उसी दौरान कुछ लोग गाड़ी लेकर वहां पहुंचे और उसका मुंह दबाकर जबरन गाड़ी में डालने लगे। नाबालिग के चिल्लाने पर परिवार के लोग बाहर आए।
- बचाने पहुंचे परिजनों को दी धमकी
परिजनों ने नाबालिग को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने मारपीट करने की धमकी दी और गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपी नाबालिग को गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि अपहरण करने वालों में से कुछ लोगों को वे पहले से जानते थे।
- दादी की रिपोर्ट पर दर्ज हुई FIR
ASI एदल सिंह ने बताया कि 5 फरवरी को नाबालिग की दादी ने थाने में FIR दर्ज करवाई। रिपोर्ट में घटना का पूरा विवरण और अपहरण करने वालों की पहचान बताई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
- हरियाणा से बरामद, एक युवक हिरासत में
पुलिस ने तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर शुक्रवार देर रात हरियाणा से नाबालिग और एक युवक को पकड़ा। शनिवार सुबह दोनों को थाने लाया गया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।


