खैरथल-तिजारा में “एक जिला–एक उत्पाद (ऑटोकम्पोनेन्ट्स)” पर कार्यशाला 6 मार्च को
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पंच गौरव कार्यक्रम के तहत “एक जिला–एक उत्पाद (ऑटोकम्पोनेन्ट्स)” योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला/सेमीनार का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 6 मार्च को प्रातः 11:30 बजे से के.के.आई.ए. वाटिका, एचडीएफसी बैंक के पास, खुशखेड़ा, तहसील टपूकड़ा, खैरथल–तिजारा में आयोजित होगा।
कार्यशाला में एमएसएमई, ऑटोमोबाइल पार्ट्स एवं इससे जुड़े उत्पादों के विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में कार्यरत इकाइयों को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इनमें ओडीओपी पॉलिसी 2024, एमएसएमई पॉलिसी 2024, राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति 2024, आरआईपीएस 2024, बीआरयूपीवाई 2022 तथा वीवाईयूपीवाई 2025 जैसी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को इन योजनाओं के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही उद्यमियों की योजनाओं से संबंधित समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान भी किया जाएगा।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र भिवाड़ी ने जिले की एमएसएमई एवं ऑटो कम्पोनेंट्स क्षेत्र से जुड़ी सभी इकाइयों से इस कार्यशाला/सेमीनार में भाग लेकर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया है।