राजस्थान दिवस के अवसर पर खैरथल में ODOP मेले/प्रदर्शनी का शुभारंभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान दिवस के अवसर पर खैरथल-तिजारा जिले में दिनांक 15 मार्च 2026 से 19 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले ODOP मेले/प्रदर्शनी का शुभारंभ रविवार को सभा स्थल पुरानी अनाज मंडी, खैरथल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर खैरथल शिवपाल जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एंव मंडी व्यापारियों द्वारा रिबन काटकर किया गया।
इस अवसर पर IGM एवं जिला उद्योग केंद्र (DIC) खैरथल के अधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मेले में आयोजित ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा जिले के औद्योगिक उत्पादों की झलक प्रस्तुत करते हुए एस.एम. ऑटो इंजीनियरिंग, पेस टेक्नोलॉजी और सी.एम.टी. सहित विभिन्न संस्थाओं के ऑटोमोबाइल उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।
इसके साथ ही मेले में विभिन्न विभागों द्वारा पंचगौरव उत्पादों से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिनमें पर्यटन विभाग, वन विभाग तथा पीएनबी बैंक सहित अन्य विभाग शामिल हैं।
मेले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीविका एवं नाबार्ड से जुड़े स्वयं सहायता समूहों जैसे युवा जागृति, राधा रानी, पार्वती SHG आदि की स्टॉल भी लगाई गई हैं, जिनमें उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि क्षेत्र की आम जनता इस मेले/प्रदर्शनी में भाग लेकर विभिन्न आकर्षक स्टॉलों का अवलोकन कर सकती है तथा सरकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सकती है। मेले का आयोजन 19 मार्च तक जारी रहेगा।